राजस्थान

जयपुर को सुंदर एवं सजाने के लिए रंग दे गुलाबी 2.0 अभियान की शुरुआत

जयपुर 24 अक्टूबर । राजस्थान की राजधानी जयपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम ने शनिवार को ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान की शुरुआत की और इसके तहत मूक-बधिर बच्चों के साथ शहर की दीवारों को रंगों एवं कलात्मक चित्रों से सजाया गया।
महापौर सुनील कोठारी और निगम आयुक्त ओम कसेरा ने त्रिमूर्ति सर्किल स्थित मूक-बधिर विद्यालय में बच्चों के साथ दीवारों पर रंग भरकर अभियान का शुभारंभ किया। अभियान में स्कूली विद्यार्थियों, कॉलेज छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, पुलिस और सेना के जवानों सहित शहरवासियों ने भाग लिया।
अभियान में मूक-बधिर स्कूल के बच्चों ने दीवारों पर रंग भरे और सांकेतिक भाषा के माध्यम से आपसी तालमेल दिखाते हुए नृत्य भी किया। अभियान में महारानी कॉलेज की छात्राओं और यूपीएससी की तैयारी कर रही युवतियों ने भी भागीदारी निभायी। छात्राओं ने पारंपरिक जयपुरी गेरुआ रंग और राजस्थान की लोककला मांडणा के जरिए दीवारों को आकर्षक रूप देने की पहल की।
उन्होंने बताया कि हम शहर की दीवारों पर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कला को प्रदर्शित करने की कोशिश कर रहे है ताकि शिक्षा, कला और जनभागीदारी के इस संगम से सार्वजनिक स्थलों को नया रूप दिया जा सके।
पानीपेच चौराहे पर आईजी कार्यालय के पास पुलिस और सेना के जवानों ने भी दीवारों पर पेंटिंग कर अभियान में योगदान दिया। जवानों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए शहर को सुंदर बनाने का संदेश दिया। इसके अलावा माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, तिलक नगर सहित विभिन्न स्थानों पर विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने दीवारों की रंगाई और पेंटिंग में हिस्सा लिया। नगर निगम के सभी जोन में निर्धारित स्थानों पर भी वॉल पेंटिंग की गतिविधियां आयोजित की गयी।
अभियान के दौरान श्री कोठारी ने दीवारों पर पेंटिंग कर वहां काम कर रही टीम का हौंसला बढ़ाया वहीं वार्ड संख्या 27 में बायोडायवर्सिटी पार्क के सामने उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर ने दीवार पर पेंटिंग कर टीम का मनोबल बढ़ाया। इस दौरान श्री कोठारी एवं श्री कसेरा ने विभिन्न जगहों पर दीवारों पर हो रही पेंटिंग का निरीक्षण भी किया और पेंटिंग कर रहे विद्यार्थियों एवं युवकों का हौंसला आफजाई की।
नगर निगम ने अभियान के तहत शहर के सभी 13 जोन में 617 दीवारों को रंगों और कलात्मक चित्रों से सजाने का लक्ष्य रखा गया है। श्री कसेरा ने बताया कि रंग दे गुलाबी 2.0 सिर्फ दीवारों को रंगने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने, शहर की गुलाबी पहचान को मजबूत करने और नागरिकों को शहर के विकास में सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसमें सभी वर्ग और उम्र के लोग हमारा सहयोग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *