राजस्थान

रणथंभौर में बाघिन सिद्धि ने दूसरी बार दिया शावक को जन्म, कैमरा ट्रैप में कैद हुई तस्वीर, बाघों की संख्या बढ़कर 64 हुई 

सवाई माधोपुर, 10 नवंबर। सवाई माधोपुर के रणथंभौर टाइगर रिजर्व से दीपावली के अवसर पर वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशखबरी सामने आई है। करीब 8 साल की बाघिन T-125 (सिद्धि) ने दूसरी बार मां बनकर एक नन्हे शावक को जन्म दिया है। वन विभाग के कैमरा ट्रैप में बाघिन सिद्धि की अपने शावक के साथ तस्वीर कैद हुई है। इस खबर से रणथंभौर में बाघों के कुनबे में बढ़ोतरी की उम्मीद जगी है। कैमरा ट्रैप में फिलहाल एक ही शावक दिखाई दिया है, हालांकि शावकों की वास्तविक संख्या इससे अधिक भी हो सकती है। नए शावक के जन्म के साथ रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघों की कुल संख्या 64 हो गई है।
दूसरी बार मां बनी बाघिन सिद्धि : रणथंभौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि बाघिन T-125 सिद्धि ने दूसरी बार शावक को जन्म दिया है। कैमरा ट्रैप में फिलहाल उसके साथ एक शावक दिखाई दिया है। वन विभाग की ओर से संबंधित क्षेत्र में कैमरा ट्रैप के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। आने वाले दिनों में नई तस्वीरों के आधार पर शावकों की वास्तविक संख्या की जानकारी मिल सकेगी।
बाघिन और शावकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान: वन विभाग की फील्ड टीम बाघिन सिद्धि और उसके शावकों की सुरक्षा को लेकर सतर्क है। टीम लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। शावकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही बाघिन के आने-जाने और विचरण वाले क्षेत्रों की भी निगरानी की जा रही है। वन विभाग का प्रयास है कि शावकों को सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण मिल सके और उनका बेहतर संरक्षण हो।
रणथंभौर में बढ़ेगा बाघों का कुनबा: दीपावली के अवसर पर मिली इस खुशखबरी से वन्यजीव प्रेमियों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों में खुशी है। बाघिन सिद्धि के शावक का जन्म रणथंभौर में बाघों की बढ़ती संख्या और वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मछली और कृष्णा की विरासत है सिद्धि : रणथंभौर की बाघिन सिद्धि (T-125) की मां एरोहेड (T-84) और पिता चिरिको (T-86) हैं। एरोहेड रणथंभौर की प्रसिद्ध बाघिन कृष्णा (T-19) की बेटी और बाघिन मछली (T-16) की नातिन है। इस तरह सिद्धि का संबंध रणथंभौर की प्रसिद्ध बाघिनों के परिवार से है। करीब 8 साल की सिद्धि इससे पहले वर्ष 2024 में भी मां बनी थी। उस समय रणथंभौर के जोन-5 के अणतपुरा वन क्षेत्र में वह तीन शावकों के साथ कैमरा ट्रैप में कैद हुई थी। अब दूसरी बार मां बनने से रणथंभौर के बाघ परिवार में एक बार फिर खुशियां बढ़ी हैं। सिद्धि बाघिन रिद्धि की बहन भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *