राजस्थान

डिग्गी कल्याण जी महाराज की 61वीं जयपुर लक्खी पदयात्रा ,कल्याण जी मंदिर में किया पोस्टर विमोचन


जयपुर, 18 जुलाई । भगवान श्री कल्याणजी महाराज की धार्मिक नगरी में प्रसिद्ध 61वीं जयपुर-डिग्गी लक्खी पदयात्रा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को श्री कल्याणजी महाराज के मंदिर में आगामी लक्खी पदयात्रा के पोस्टर का विधिवत रूप से पूजा अर्चना कर विमोचन किया गया। पोस्टर का विमोचन पदयात्रा के संचालक श्रीजी शर्मा, मनोज टांक, दिपांशु पाराशर डिग्गी, सत्यनारायण सैनी, भंवरलाल चौधरी, गणेश मीणा, सुरेन्द्र शर्मा सहित अन्य श्रद्धालुओं द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। मंदिर पुजारी विजय शंकर शर्मा ने पोस्टर को श्री कल्याण जी महाराज के चरणों में अर्पित किया। इस अवसर पर सभी ने भगवान श्री कल्याणजी महाराज के जयकारों के साथ पदयात्रा के शुभारंभ की घोषणा की और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में इस धार्मिक यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया गया। पदयात्रा के संचालक श्रीजी शर्मा ने बताया कि जयपुर से निकलने वाली यह 61वीं लक्खी पदयात्रा 18 अगस्त को जयपुर के ताड़केश्वर मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रवाना होगी। पदयात्रा में लाखों श्रद्धालु भगवान श्री कल्याणजी महाराज के जयघोष के साथ भजन-कीर्तन करते हुए, ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ उत्साहपूर्वक आगे बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि यात्रा का पहला पड़ाव 19 अगस्त को हरसूलिया, दूसरा पड़ाव 20 अगस्त को फागी, तीसरा पड़ाव 21 अगस्त को चौसला रहेगा। इसके बाद 22 अगस्त को पदयात्रा भगवान श्री कल्याणजी महाराज की पावन नगरी निजधाम छोटी काशी डिग्गी पहुंचेगी। डिग्गी पहुंचने पर मीणा धर्मशाला से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हाथों में शाही ध्वज (निशान) लेकर भगवान श्री कल्याणजी महाराज के मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे शोभायात्रा के दौरान डिग्गी धार्मिक नगरी पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में रंग जाएगी। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा तथा धार्मिक भजन, जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठेगा। मंदिर पहुंचने के बाद गंगोत्री से लाए गए पवित्र जल से भगवान श्री कल्याणजी महाराज का विशेष अभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही पूजा-अर्चना एवं आरती के पश्चात पदयात्रा का विधिवत समापन होगा। श्रीजी शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी यात्रा में राजस्थान सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। विशेष रूप से जयपुर, टोंक, करौली, दौसा,अलवर,भीलवाड़ा, अजमेर ,कोटा, देवली, सहित दूर दराज व आसपास के अनेकों क्षेत्रों से श्रद्धालु पदयात्रा में भाग लेने के लिए पहुंचेंगे। कई श्रद्धालु वर्षों से लगातार इस पदयात्रा में शामिल होते आ रहे हैं और अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने पर भगवान श्री कल्याणजी महाराज के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए पैदल यात्रा करते हैं। उन्होंने कहा कि पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर विश्राम, भोजन, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। सामाजिक संस्थाएं, भामाशाह और सेवा समितियां जगह-जगह शिविर लगाकर पदयात्रियों की सेवा करेंगी। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए छाया, प्राथमिक उपचार एवं जलपान की विशेष व्यवस्था रहेगी ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *