मालपुरा में कांग्रेस का पलटवार, भाजपा के प्रधान बनाने का दावा फेल
घासीलाल चौधरी और गोपाल गुर्जर की जोड़ी ने रचा जीत का नया समीकरण, 45 सीटों में कांग्रेस ने 24 पर जमाया कब्जा
मालपुरा,20 नवंबर।पंचायतराज चुनाव 2026 के नतीजों ने मालपुरा-टोडारायसिंह विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। चुनाव प्रचार के दौरान मालपुरा, टोड़ारायसिंह व पचेवर तीनों पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान बनाने का दावा करने वाले कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के राजनीतिक समीकरणों को कांग्रेस ने करारा झटका दिया है। मालपुरा, पचेवर और टोडारायसिंह पंचायत समितियों की कुल 45 सीटों में कांग्रेस ने 24 सीटें जीतकर स्पष्ट बढ़त हासिल की, जबकि भाजपा महज 15 सीटों पर सिमट गई। आरएलपी ने 5 और निर्दलीय प्रत्याशी ने एक सीट जीतकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। नतीजों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सरकार और सत्ताधारी दल के दावों के बावजूद ग्रामीण मतदाताओं का रुझान कांग्रेस की ओर क्यों गया…? शुक्रवार को चुनाव परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस खेमे में उत्साह की लहर दौड़ गई। मालपुरा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी रहे घासीलाल चौधरी एवं युवा गुर्जर नेता गोपाल गुर्जर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मालपुरा के तत्वावधान में व्यास सर्किल पर आतिशबाजी की गई तथा एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर जीत की बधाई दी गई। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मंत्री के दावे पर चुनावी नतीजों का करारा जवाब: चुनाव प्रचार के दौरान मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने नुक्कड़ सभाओं में विधानसभा क्षेत्र की तीनों पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान बैठाने का दावा किया था। लेकिन मतदाताओं ने नतीजों के जरिए इस दावे को सियासी आईना दिखा दिया। पचेवर में कांग्रेस ने 10 सीटें जीतकर भाजपा को महज 3 सीटों पर समेत दिया, जबकि मालपुरा में भाजपा ने 7 और कांग्रेस ने 6 सीटें हासिल कीं। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक सीट जीती तो एक सीट निर्दलीय ने जीती l कुल मिलाकर तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस ने भाजपा से 9 सीटें अधिक जीतकर बढ़त बना ली।
धरतीपुत्रों की नाराजगी ने बदला चुनावी माहौल: इन चुनाव परिणामों को केवल पंचायत समितियों की सीटों का गणित मानना राजनीतिक भूल होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की समस्याएं, कृषि संबंधी मुद्दे और सरकार के प्रति नाराजगी, 60 साल से मालपुरा तहसील की नक्शा सीटें नहीं बनना.. सेटलमेंट नहीं होना भी चुनावी चर्चा के केंद्र में रही। धरतीपुत्रों के मतदान रुझान को सत्ता पक्ष के लिए एक राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। चुनाव परिणामों ने यह संकेत जरूर दिया है कि ग्रामीण मतदाता केवल बड़े-बड़े चुनावी दावों से प्रभावित नहीं होते, बल्कि स्थानीय मुद्दों और जनप्रतिनिधियों के प्रति अपने अनुभवों के आधार पर भी फैसला लेते हैं।
गोपाल गुर्जर और घासीलाल-गोपाल की जोड़ी बनी चर्चा का विषय: पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस में घर वापसी करने वाले युवा गुर्जर नेता गोपाल गुर्जर के फैसले को भी इन नतीजों से जोड़कर देखा जा रहा है। घासीलाल चौधरी और गोपाल गुर्जर की संयुक्त राजनीतिक सक्रियता ने कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने में अहम भूमिका निभाई। पचेवर और टोडारायसिंह में कांग्रेस की मजबूत जीत तथा मालपुरा में भाजपा को मिली सीमित बढ़त ने इस जोड़ी के राजनीतिक प्रभाव को चर्चा में ला दिया है।
प्रधान की कुर्सी के लिए अभी बाकी है सियासी पिक्चर: हालांकि सीटों के आंकड़ों में कांग्रेस ने स्पष्ट बढ़त बना ली है, लेकिन पंचायत समितियों में प्रधान पद का चुनाव अभी बाकी है। खासकर मालपुरा में भाजपा की 7 और कांग्रेस की 6 सीटों के बीच निर्दलीय और आरएलपी राजनीतिक समीकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। तीनों पंचायत समितियों में प्रधान पद पर कब्जे को लेकर राजनीतिक जोड़-तोड़ और रणनीतियों का दौर शुरू होना तय है। फिलहाल पंचायतराज चुनाव के नतीजों ने सत्ताधारी दल के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस विधानसभा क्षेत्र में मंत्री तीनों पंचायत समितियों में भाजपा का परचम लहराने का दावा कर रहे थे, वहां कांग्रेस ने 45 में से 24 सीटें जीतकर अपनी ताकत का अहसास करा दिया। अब देखना यह होगा कि चुनावी आंकड़ों में मिली इस बढ़त को कांग्रेस प्रधान की कुर्सियों तक पहुंचा पाती है या भाजपा राजनीतिक जोड़-तोड़ से कोई नया समीकरण तैयार करती है। इतना तय है कि इन नतीजों ने मालपुरा-टोडारायसिंह की राजनीति में आने वाले दिनों के लिए नई सियासी पटकथा लिख दी है।

