एनएच-27 पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 73 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली में करनी थी सप्लाई
मधुबनी, 31 अक्टूबर । जिले के भैरवस्थान थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 73 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजे की खेप दिल्ली ले जाकर खपाने की बात स्वीकार की है।
भैरवस्थान थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष श्याम कुमार गौतम के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर दिल्ली की ओर तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनएच-27 पर खरड़क गांव के समीप सवेरा होटल के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज से दिल्ली जा रही संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। दंडाधिकारी सह झंझारपुर सीओ प्रशांत कुमार झा की मौजूदगी में कार की जांच करने पर उसमें छिपाकर रखा गया 73 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
सुपौल के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के भूरा गांव निवासी उमेश मंडल के पुत्र सोनू कुमार और विनोद चौधरी के पुत्र गोपाल कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि गांजे की इस खेप को दिल्ली में सप्लाई किया जाना था।
नेपाल बॉर्डर से गांजा लाने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि गांजे की यह खेप भीमनगर स्थित नेपाल बॉर्डर के रास्ते लाई गई थी। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क, गांजे के स्रोत और दिल्ली में इसके खरीदारों का पता लगाने में जुटी है।

