राजस्थान

साइना नेहवाल ने रणथंभौर में परिवार संग बिताया क्वालिटी टाइम

बहन के साथ किया डांस; तीरंदाजी में भी आजमाया हाथ

सवाईमाधोपुर, 2 अक्टूबर।भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल इन दिनों राजस्थान के रणथंभौर में परिवार के साथ छुट्टियां मना रही हैं। जंगल, वन्यजीव और रिजॉर्ट की गतिविधियों के बीच साइना ने परिवार के साथ जमकर मस्ती की। उन्होंने अपनी इस यात्रा की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं।
टाइगर सफारी का लिया आनंद: साइना रणथंभौर के JW मैरियट रिजॉर्ट में ठहरी हुई हैं। यहां से उन्होंने टाइगर सफारी का भी आनंद लिया। सफारी के दौरान उन्हें रणथंभौर के जंगल और वन्यजीवों को करीब से देखने का मौका मिला। इसके बाद उन्होंने रिजॉर्ट में परिवार के साथ समय बिताया और वहां होने वाली अलग-अलग गतिविधियों में हिस्सा लिया।
बहन चंदना के साथ राजस्थानी गाने पर डांस: साइना ने अपनी बहन चंदना नेहवाल के साथ डांस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसमें दोनों बहनें राजस्थानी गाने ‘थारी शरारत में देखूं’ पर डांस करती नजर आ रही हैं। वीडियो में दोनों का मस्ती भरा अंदाज देखने को मिल रहा है। साइना ने वीडियो शेयर करते हुए ‘वाचिंग सिस्टर डांस’ लिखा। एक अन्य वीडियो में साइना और उनकी बहन बॉलीवुड के लोकप्रिय गाने ‘चुनरी चुनरी’ पर डांस करती दिखाई दे रही हैं। दोनों वीडियो में बहनों की बॉन्डिंग साफ नजर आ रही है।
तीरंदाजी में भी आजमाया हाथ : रणथंभौर में साइना ने जंगल सफारी और डांस के अलावा रिजॉर्ट की अन्य गतिविधियों का भी आनंद लिया। इनमें तीरंदाजी भी शामिल है। साइना ने एक वीडियो में धनुष से निशाना साधते हुए नजर आईं। सामने लगे टारगेट बोर्ड पर वह पूरी एकाग्रता के साथ निशाना लगाती दिखीं। बैडमिंटन कोर्ट पर अपने खेल का जलवा दिखाने वाली साइना का यह अंदाज भी उनके फैंस को देखने को मिला।
रणथंभौर से पुराना है साइना का जुड़ाव : साइना नेहवाल का रणथंभौर से पुराना जुड़ाव बताया जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह वन्यजीवों को करीब से देखने और छुट्टियां बिताने के लिए यहां आती रही हैं। बताया जाता है कि साइना साल में करीब तीन से चार बार रणथंभौर का दौरा करती हैं। मानसून ब्रेक के बाद नए पर्यटन सीजन की शुरुआत के बीच साइना का परिवार के साथ रणथंभौर पहुंचना भी इसी सिलसिले का हिस्सा माना जा रहा है। इस बार उनकी यात्रा में टाइगर सफारी से लेकर बहन के साथ डांस और तीरंदाजी तक कई यादगार पल शामिल रहे। सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों और वीडियो में साइना का परिवार के साथ छुट्टियों का यह हल्का-फुल्का और मस्ती भरा अंदाज नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *