मधुबनी चित्रकला की प्रसिद्ध कलाकार हीरा देवी का निधन
मधुबनी, 26 सितंबर। बिहार की प्रसिद्ध मधुबनी चित्रकला की प्रसिद्ध कलाकार और स्टेट अवार्डी हीरा देवी का शनिवार को 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।
जिले में जितवारपुर की निवासी हीरा देवी मधुबनी चित्रकला की उन वरिष्ठ कलाकारों में शामिल थीं, जिन्होंने छह दशक से अधिक समय तक इस पारंपरिक कला को अपनी तूलिका के माध्यम से समृद्ध किया।
श्रीमती हीरा पद्मश्री सीता देवी की समकालीन कलाकार थीं। उन्होंने 1960 के दशक से मधुबनी चित्रकला में सक्रिय रूप से काम करना शुरू किया और कतहक शैली में विशेष पहचान बनायी। उनके निधन को मिथिला की पारंपरिक चित्रकला की एक महत्वपूर्ण पीढ़ी के अवसान के रूप में देखा जा रहा है।
हीरा देवी को कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्टेट अवार्ड, दिल्ली साहित्य पुरस्कार, सूरजकुंड पर्यटन पुरस्कार और गुरु-शिष्य परंपरा पुरस्कार समेत कई सम्मानों से नवाजा गया था। दिल्ली की तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने भी उन्हें सम्मानित किया था। भारत सरकार के हस्तशिल्प विकास से जुड़े दस्तावेज में भी हीरा देवी को वर्ष 2007-08 की स्टेट अवार्डी मधुबनी चित्रकार के रूप में दर्ज किया गया है।

