राजस्थान

पक्ष-विपक्ष आपस में मिलकर जनता की परेशानियों और मुद्दों को करेंगे हल: अशोक गहलोत

जयपुर 26 सितंबर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में चुने गये सभी नव निर्वाचित पार्षदों, महापौर, अध्यक्ष, उपमहापौर और उपाध्यक्षों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि आशा है पक्ष-विपक्ष आपस में मिलकर जनता की परेशानियों और मुद्दों को हल करेंगे।

प्रदेश में शनिवार को नगरीय निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद श्री गहलोत ने यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अफसोस है कि जिस तरह का चुनाव इस बार राजस्थान में हुआ है उसमें अनैतिकता की सारी हदें सत्ताधारी भाजपा ने पार कर दी। पहले मनमर्जी का परिसीमन किया जिसमें कांग्रेस समर्थित तीन-चार वार्डों को मिलाकर एक कर दिया और भाजपा समर्थक इलाकों में एक वार्ड को दो-तीन वार्डों में बांट दिया। इस हद तक बेईमानी की गयी कि पति-पत्नी के वोट, एक ही घर में रहने वाले एक ही परिवार के सदस्यों के वोट अलग-अलग वार्ड में बंट गये। इतना ही नहीं, इसके बाद भी एक साल तक चुनावों को टालते रहे। तत्पश्चात उच्च न्यायालय की फटकार के बाद चुनाव करवाने को मजबूर हुए। महापौर और अध्यक्ष के चुनावों के लिए पुलिस, प्रशासन और धनबल का निर्लज्ज दुरुपयोग किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *