राजस्थान

राष्ट्रीय लोकअदालत को लेकर न्यायाधीश जलुथरिया ने की समीक्षा

टोंक, 25 फरवरी। एडीआर सेंटर टोंक में बुधवार को नालसा मेगा विधिक सेवा शिविर और राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला और सेशन न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक सचिव दिनेश कुमार जलुथरिया ने की। बैठक में 14 मार्च को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही मेगा विधिक जागरूकता और कल्याणकारी शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीएलएसए सचिव ने सहायक जिला कलेक्टर देवेन्द्र सिंह चौहान को राजस्व प्रकरणों में प्रभावी प्री-काउंसलिंग सुनिश्चित करने एवं शिविर के दौरान समुचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। वहीं एडिशनल एसपी कमल प्रसाद मीणा को राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित प्रकरणों में नोटिसों की समयबद्ध और सम्यक तामील सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त जलदाय विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित प्री-लिटिगेशन प्रकरणों की सूची तैयार कर प्रभावी प्री-काउंसलिंग कराएं, ताकि अधिकाधिक मामलों का समाधान राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से हो सके। विभागों को यह भी कहा गया कि पक्षकारों से समन्वय स्थापित कर सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित निस्तारण के लिए सक्रिय प्रयास सुनिश्चित करें। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी सुबेहसिंह यादव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से समाज कल्याण अधिकारी श्रवणसिंह, बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक नवल खान, एडिशनल लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अनुराग जैन, श्रम विभाग, सीएमएचओ कार्यालय, महिला अधिकारिता विभाग, जलदाय विभाग तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *