जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में कांग्रेस का दबदबा, 16 में बनाए प्रधान
भाजपा को 4 और आरएलपी को 2 सीटें मिलीं; आंधी और शाहपुरा में कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध चुनी गईं
जयपुर, 27 नवंबर। पंचायत समिति प्रधान चुनाव में जयपुर जिले में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 में से 16 पंचायत समितियों में अपना प्रधान बनाया। भाजपा को केवल 4 सीटों पर जीत मिली, जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 2 पंचायत समितियों में कब्जा जमाया। कई जगह मुकाबला बेहद रोचक रहा और प्रत्याशियों ने एक से लेकर 17 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
निर्वाचन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आंधी पंचायत समिति में कांग्रेस की माया देवी वर्मा और शाहपुरा में संतरा गुर्जर निर्विरोध प्रधान चुनी गईं। बस्सी में कांग्रेस के लालाराम सैनी ने 17 मतों से जीत दर्ज की। जमवारामगढ़ में दीपक कुमार 13 मतों से और झोटवाड़ा में मोनिका 11 मतों से विजयी रहीं।
इसी तरह तुंगा में कांग्रेस के रामफूल चंद्र ने 7 मतों से, कोटखावदा में अनोखी देवी ने 5 मतों से, फागी में कैलाश चंद चौधरी ने 5 मतों से और अमरसर में समोती देवी मीणा ने महज 1 मत से जीत हासिल की।
किशनगढ़ रेनवाल में मदन उर्फ पप्पू, माधोराजपुरा में प्रियंका ने 6 मतों से, आमेर में कलावती, गोविंदगढ़ में सुमन यादव, जोबनेर में कमला देवी, रामपुरा डाबरी में गीता मौर्य और चाकसू में संतोष देवी मीणा प्रधान निर्वाचित हुईं।
भाजपा ने मोजमाबाद में नंदू ने 3 मतों से, चौमूं में रामगोपाल मीणा, जालसू में किशन देवी और सांभरलेक में दशरथ सिंह के जरिए जीत दर्ज की। वहीं, सांगानेर पंचायत समिति में आरएलपी की सीमा चौधरी 7 मत प्राप्त कर प्रधान बनीं, जबकि दूदू में आरएलपी की अयोध्या देवी ने जीत हासिल की।
जिले के चुनाव परिणामों में कांग्रेस का दबदबा साफ नजर आया। 22 में से 16 पंचायत समितियों में प्रधान बनाकर पार्टी ने ग्रामीण राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ का प्रदर्शन किया।

