राजस्थान

राजस्थान की 23.32 लाख बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाएगी पुलिस

पुलिस और शिक्षा विभाग के बीच हुआ एमओयू, कक्षा 6 से 12 तक की बालिकाओं को सिखाएंगे सुरक्षा के गुर; 11,701 स्कूलों के शिक्षकों को भी देंगे ट्रेनिंग

जयपुर, 23 नवंबर। राजस्थान में बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ी पहल की है। प्रदेश की 23.32 लाख बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए सोमवार को राजस्थान पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में राजस्थान पुलिस की एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग लता मनोज कुमार और राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

36,765 सरकारी स्कूलों में चलेगा प्रशिक्षण कार्यक्रम

शैक्षणिक सत्र 2026-27 में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 36,765 राजकीय विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि वे घर, स्कूल और सार्वजनिक स्थानों पर अपनी सुरक्षा कर सकें।

11,701 स्कूलों के शिक्षकों को पहले मिलेगी ट्रेनिंग

एडीजी लता मनोज कुमार ने बताया कि कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए राजस्थान पुलिस के सहयोग से 11,701 पीईईओ/यूसीईईओ विद्यालयों के एक पीईटी या सामान्य शिक्षक को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद ये शिक्षक अपने क्षेत्र की एक महिला पीईटी या सामान्य महिला शिक्षक को प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षित महिला शिक्षक स्कूलों में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को आत्मरक्षा के तरीके सिखाएंगी।

इसके लिए कुल 319 प्रशिक्षण बैच आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक बैच में 15 से 60 प्रतिभागी शामिल होंगे। एमओयू हस्ताक्षर की तारीख से तीन साल तक प्रभावी रहेगा।

हेल्पलाइन और बाल अधिकारों की भी मिलेगी जानकारी

प्रशिक्षण में छात्राओं को आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों के साथ आपातकालीन सहायता सेवाओं और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा शारीरिक स्वास्थ्य, पोषण, जेंडर संवेदनशीलता, सुरक्षा और बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के सभी जिलों में बालिका सुरक्षा और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, डॉ. रश्मि शर्मा ने कहा कि पुलिस और शिक्षा विभाग का यह साझा प्रयास विद्यालयों में सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण बनाने के साथ बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *