राजस्थान

रणथंभौर में मृत मिला लेपर्ड, शरीर पर मिले चोटों के निशान; बाघ या दूसरे तेंदुए से संघर्ष की आशंका

भाटपुरा गांव के वन क्षेत्र में मिला शव, मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम; NTCA प्रोटोकॉल के तहत कराया अंतिम संस्कार

सवाई माधोपुर,23 नवंबर। रणथंभौर टाइगर रिजर्व की फलौदी रेंज में सोमवार सुबह एक लेपर्ड मृत अवस्था में मिला। भाटपुरा गांव के वन क्षेत्र में लेपर्ड का शव मिलने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को नाका राजबाग स्थित रणथंभौर टाइगर रिजर्व के वाइल्ड लाइफ हॉस्पिटल लाया गया। यहां पशु चिकित्सक डॉ. सीपी मीणा ने जांच के बाद लेपर्ड को मृत घोषित कर दिया।

शरीर पर मिले चोटों के निशान

वन विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत मेडिकल बोर्ड ने अंतरविभागीय टीम की मौजूदगी में लेपर्ड का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान उसके शरीर पर चोटों के निशान सहित अन्य लक्षण भी पाए गए। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार लेपर्ड का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

आपसी संघर्ष में मौत होने की आशंका

रणथंभौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लेपर्ड के शरीर पर मिले चोटों के निशान किसी अन्य तेंदुए या बाघ के साथ क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई (टेरिटोरियल फाइट) की ओर इशारा कर रहे हैं। आशंका है कि आपसी संघर्ष के दौरान लेपर्ड की मौत हुई।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मौत के कारणों की जांच पोस्टमार्टम में सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई। NTCA के प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *