देवउठनी एकादशी से शुरू होगा शादियों का सीजन, बाजारों में बढ़ी रौनक
एक सप्ताह में 1 से 2 करोड़ रुपए का कारोबार, होटल-मैरिज गार्डन से लेकर टेंट और हलवाई तक की बुकिंग फुल
जयपुर, 17 नवंबर। देवउठनी एकादशी के साथ 20 नवंबर से विवाह समारोहों का सीजन शुरू हो जाएगा। इसे लेकर शहर के बाजारों में खरीदारी का दौर तेज हो गया है। कपड़े, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और किराना दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। बाजारों में सुबह से शाम तक रौनक बनी हुई है। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है।
होटल-मैरिज गार्डन एक महीने पहले ही बुक
शादी समारोहों को लेकर रिसॉर्ट, होटल और मैरिज गार्डन की बुकिंग एक महीने पहले ही हो चुकी है। मैरिज गार्डन संचालक डॉ. अनुज शर्मा के अनुसार देवउठनी एकादशी पर शादियों की भरमार रहेगी। अधिकांश मैरिज होम पहले ही बुक हो चुके हैं। वहीं टेंट व्यवसायियों और हलवाइयों की बुकिंग भी 3 से 5 महीने पहले ही हो गई थी।
शादियों के चलते वाहनों की रहेगी किल्लत
विवाह समारोहों की शुरुआत के साथ वाहनों की मांग भी बढ़ गई है। शादी में बारात और मेहमानों की आवाजाही के लिए वाहनों की बुकिंग पहले ही हो चुकी है। ऐसे में 20 नवंबर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
क्षेत्र के कई छोटे रूटों पर निजी वाहन ही आवागमन का प्रमुख साधन हैं। शादियों के लिए वाहनों की बुकिंग होने से इन रूटों पर भी असर पड़ने की आशंका है। वाहनों की कमी का फायदा उठाकर डग्गेमार वाहन संचालक मनमाना किराया वसूल सकते हैं।

