मोदी का दुनिया भर में हर कोई सम्मान करता है: ट्रंप
मनीला, 17 नवंबर। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना करते हुए उन्हें महान नेता बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का पूरी दुनिया में बेहद सम्मान किया जाता है। मनीला में आयोजित क्वाड नेताओं की बैठक में ट्रंप ने मोदी को अपना मित्र बताते हुए भारत-अमेरिका संबंधों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में क्वाड की अहमियत पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी को संबोधन के लिए आमंत्रित करने से पहले ट्रंप ने कहा कि मोदी उनके मित्र हैं और पूरी दुनिया उनका बहुत सम्मान करती है। उन्होंने भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के समूह क्वाड को दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण साझेदारियों में से एक बताया। ट्रंप के अनुसार, चारों देश स्वतंत्र, खुले, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के चार प्रमुख स्तंभ हैं।
ट्रंप ने कहा कि वर्ष 2017 में क्वाड को फिर से सक्रिय किए जाने के बाद चारों देशों के बीच सहयोग और दोस्ती लगातार मजबूत हुई है। उन्होंने क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा और कूटनीति के क्षेत्र में बेहतर समन्वय की बात कही।
बैठक में समुद्री सुरक्षा को लेकर भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। ट्रंप ने जापान के पास आयोजित मालाबार नौसैनिक अभ्यास के 30वें संस्करण का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि क्वाड देश समुद्री गश्ती विमानों से जुड़ा संयुक्त अभ्यास भी करेंगे। इसके साथ ही पनडुब्बी रोधी क्षमता बढ़ाने पर सहयोग जारी रहेगा।
तकनीकी क्षेत्र में ट्रंप ने ‘क्वाड एसआई एक्सेलेरेटर’ शुरू करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विश्वसनीय सुपरइंटेलिजेंस इकोसिस्टम के विस्तार के लिए 8.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक की प्रतिबद्धता का जिक्र किया। उन्होंने अगले वर्ष पहला ‘क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम’ आयोजित करने की घोषणा भी की।
जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भी क्वाड सहयोग को क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण बताया। बैठक में महत्वपूर्ण खनिजों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऊर्जा और समुद्री सुरक्षा पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई गई।

