उम्र पर भारी पड़ी आस्था, 93 साल की उम्र में भी फूल देवी ने किया छठ व्रत
झंझारपुर, 15 नवंबर, अभिषेक भूपेश झा। आस्था और संकल्प के आगे उम्र भी छोटी पड़ गई। प्रखंड के झौआ गांव की 93 वर्षीय फूल देवी ने छठ महापर्व पर पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर भक्ति की मिसाल पेश की। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनका उत्साह और छठी मैया के प्रति अटूट विश्वास लोगों के लिए प्रेरणा बना हुआ है।
फूल देवी ने नहाय-खाय से लेकर खरना और फिर डूबते व उगते सूर्य को अर्घ्य देने तक छठ के सभी अनुष्ठान पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ संपन्न किए। वे कई वर्षों से परिवार और समाज की सुख-समृद्धि तथा कुशलता की कामना लेकर छठी मैया की आराधना करती आ रही हैं।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि फूल देवी की छठ के प्रति आस्था इतनी गहरी है कि वे कई वर्षों तक दंड प्रणाम करते हुए घर से छठ घाट तक पहुंचती थीं। बढ़ती उम्र के बावजूद उनके संकल्प और भक्ति में कोई कमी नहीं आई है।
93 वर्ष की उम्र में भी कठिन छठ व्रत का निर्वहन कर फूल देवी ने यह साबित कर दिया कि सच्ची आस्था के सामने उम्र कभी बाधा नहीं बनती। उनकी श्रद्धा और समर्पण की गांव सहित पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

