भारत

कुंभ-2027: हरिद्वार स्टेशन पर अलग होंगे आने-जाने के रास्ते, भीड़ नियंत्रण के लिए रेलवे-मेला प्रशासन ने बनाई योजना

हरिद्वार, 13 नवंबर। कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे और मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुंभ के दौरान रेलवे स्टेशन पर भीड़ का दबाव कम करने, यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और ट्रेनों के सुचारू संचालन के लिए नई व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इसके तहत आरक्षित और अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग बनाने तथा यात्रियों के प्रस्थान के लिए भी पृथक व्यवस्था करने पर विचार किया जा रहा है।

इसी सिलसिले में शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नवनिर्मित अनारक्षित टिकट केंद्र, प्रतीक्षालय, होल्डिंग एरिया और यात्रियों की आवाजाही के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अलग-अलग होंगे प्रवेश और निकास मार्ग

निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर भीड़ को एक स्थान पर जमा होने से रोकने के लिए प्रवेश, निकास और प्रस्थान की अलग-अलग व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया। आरक्षित और अनारक्षित श्रेणी के यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के अलग रास्ते निर्धारित करने पर चर्चा हुई। अलग-अलग दिशाओं में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी पृथक प्रस्थान व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया गया।

मॉक ड्रिल से परखेंगे सुरक्षा व्यवस्था

अधिकारियों ने कहा कि कुंभ के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। प्रस्तावित व्यवस्थाओं को मॉक ड्रिल के जरिए परखा जाएगा, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। स्टेशन पर अधिक निकास मार्ग, सुरक्षित निकासी और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम विकसित करने पर भी चर्चा हुई।

पार्किंग और ट्रेन संचालन पर भी मंथन

स्टेशन परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की जरूरत बताई गई, ताकि सड़कों पर वाहनों की पार्किंग से यातायात बाधित नहीं हो। इसके साथ ही ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय का यात्री सुविधाओं के साथ बेहतर समन्वय करने पर जोर दिया गया। कोशिश रहेगी कि एक ही समय में बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने से स्टेशन पर अव्यवस्था नहीं हो।

संयुक्त निरीक्षण में मिले सुझावों के आधार पर रेलवे अपनी कार्ययोजना को अंतिम रूप देगा। इसके बाद मेला प्रशासन के साथ समन्वय कर व्यवस्थाएं तय की जाएंगी, ताकि कुंभ शुरू होने से पहले सभी जरूरी इंतजाम पूरे किए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *