90 की हुईं माला सिन्हा, ‘प्यासा’ से चमकी किस्मत; ‘धूल का फूल’ ने बनाया हिंदी सिनेमा की स्टार
मुंबई, 11 नवंबर। हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर की दिग्गज अभिनेत्री माला सिन्हा बुधवार को 90 वर्ष की हो गईं। 11 नवंबर 1936 को कोलकाता में जन्मीं माला सिन्हा ने अपने दमदार अभिनय, खूबसूरती और बहुमुखी प्रतिभा से फिल्म जगत में अलग पहचान बनाई। ‘प्यासा’, ‘धूल का फूल’, ‘गुमराह’ और ‘अनपढ़’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को आज भी याद किया जाता है।
माला सिन्हा का बचपन का नाम आल्डा सिन्हा था। बचपन से ही उन्हें अभिनय का शौक था और वह अभिनेत्री नर्गिस से काफी प्रभावित थीं। स्कूल के दिनों में एक नाटक में उनके अभिनय को देखकर बंगाली फिल्मों के निर्देशक अर्धेन्दु बोस प्रभावित हुए। उन्होंने माला सिन्हा को अपनी फिल्म ‘रोशनआरा’ में काम करने का अवसर दिया। इसके बाद उन्होंने कई बंगाली फिल्मों में अभिनय किया।
‘प्यासा’ ने बदली किस्मत, ‘धूल का फूल’ से मिली पहचान
बंगाली फिल्मों में काम करते हुए माला सिन्हा को मुंबई आने का मौका मिला। यहां उनकी मुलाकात निर्देशक केदार शर्मा से हुई। इसके बाद उन्हें हिंदी फिल्मों में काम करने के अवसर मिलने लगे। वर्ष 1954 में प्रदीप कुमार के साथ ‘बादशाह’ और ‘हैमलेट’ जैसी फिल्मों में नजर आईं, लेकिन शुरुआती फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता नहीं मिली।
उनके करियर को असली पहचान 1957 में गुरु दत्त की क्लासिक फिल्म ‘प्यासा’ से मिली। फिल्म की सफलता ने उन्हें हिंदी सिनेमा की प्रमुख अभिनेत्रियों की कतार में खड़ा कर दिया। इसके बाद 1959 में बीआर चोपड़ा की फिल्म ‘धूल का फूल’ ने उनकी लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी। यह यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी पहली फिल्म भी थी।
हर बड़े अभिनेता के साथ जमी जोड़ी
माला सिन्हा ने अपने लंबे फिल्मी करियर में राज कपूर, देव आनंद, शम्मी कपूर, धर्मेंद्र, मनोज कुमार और विश्वजीत जैसे दिग्गज अभिनेताओं के साथ काम किया। ‘परवरिश’, ‘फिर सुबह होगी’, ‘लव मैरिज’, ‘उजाला’ और ‘दिल तेरा दीवाना’ जैसी फिल्मों में उनके अलग-अलग अंदाज देखने को मिले।
बीआर चोपड़ा की ‘धर्मपुत्र’ और ‘गुमराह’ में भी उनके अभिनय को खूब सराहना मिली। खास तौर पर धर्मेंद्र के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को पसंद आई। दोनों ने ‘अनपढ़’, ‘पूजा के फूल’, ‘जब याद किसी की आती है’, ‘नीला आकाश’ और ‘आंखें’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया।
महिला प्रधान भूमिकाओं से बनाई अलग पहचान
माला सिन्हा की खासियत यह थी कि वह केवल ग्लैमर तक सीमित नहीं रहीं। उन्होंने अपने किरदारों को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारा। ‘प्यासा’ में संजीदा अभिनय हो या ‘धूल का फूल’ में चुनौतीपूर्ण भूमिका, उन्होंने हर किरदार में अपनी प्रतिभा साबित की।
हिंदी फिल्मों के साथ उन्होंने बंगाली और नेपाली फिल्मों में भी काम किया। 1958 में आई बंगाली फिल्म ‘लुकोचुरी’ में किशोर कुमार के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई। वर्ष 1966 में नेपाली फिल्म ‘मैतीघर’ में काम करने के दौरान उनकी मुलाकात अभिनेता सीपी लोहानी से हुई। बाद में दोनों ने विवाह कर लिया।
करीब चार दशक लंबे फिल्मी सफर में माला सिन्हा ने 100 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। वर्ष 2018 में उन्हें फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। आज भले ही वह फिल्मों से दूर हैं, लेकिन अपने यादगार किरदारों और शानदार अभिनय के दम पर माला सिन्हा हिंदी सिनेमा के इतिहास में हमेशा याद की जाती रहेंगी।

