राजस्थान

टोंक में मृत्युंजय महादेव सद्गुरु आश्रम का भव्य शुभारम्भ कल

नवरात्र स्थापना पर होगा मंगल प्रवेश, भारत माता की आरती का आयोजन
टोंक, 9 अक्टूबर।
 सनातन संस्कृति के संरक्षण, भारतीय परम्पराओं के संवर्धन और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के उद्देश्य से टोंक में मृत्युंजय महादेव सद्गुरु आश्रम का भव्य शुभारम्भ रविवार, 11 अक्टूबर को शारदीय नवरात्र स्थापना के अवसर पर होगा। मां बगलामुखी की कृपा और गुरुवर सर्वेश्वर दास जी महाराज की प्रेरणा से आश्रम संस्थापक विश्वविख्यात ज्योतिषाचार्य गुरुदेव पंडित राजकुमार शर्मा के सानिध्य में मंगल प्रवेश और भारत माता की आरती समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे एमआरएफ टायर और हुंडई शोरूम के पास, सवाई माधोपुर पुलिया के निकट, राष्ट्रीय राजमार्ग-52 जयपुर-कोटा मार्ग की सर्विस लेन पर होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों में उत्साह है। समारोह में राजस्थान सहित देश-विदेश से संत-महात्माओं, धर्माचार्यों, सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, व्यापारियों और गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
सनातन संस्कृति और समाज सेवा का बनेगा केंद्र: आश्रम संस्थापक पंडित राजकुमार शर्मा ने बताया कि मृत्युंजय महादेव सद्गुरु आश्रम को सनातन संस्कृति, धर्म, राष्ट्र चेतना, गो संरक्षण, मानव सेवा और आध्यात्मिक जागरूकता के केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना है। यहां भारतीय परम्पराओं, पारिवारिक एकता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ ज्योतिष और आध्यात्मिक विषयों पर भी विमर्श किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आश्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना तथा समाज में सेवा, सद्भाव और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
वसुधैव कुटुम्बकम की भावना से मानव कल्याण का संकल्प: आश्रम की परिकल्पना वसुधैव कुटुम्बकम और सर्वे भवन्तु सुखिन: के शाश्वत संदेश पर आधारित है। इसके माध्यम से मानव कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, गो संवर्धन और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के लिए जनजागरण किया जाएगा। नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित यह समारोह धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *