राजस्थान

महिलाओं का सामाजिक-आर्थिक विकास सुनिश्चित कर रही राजस्थान सरकार:भजनलाल

जयपुर, 30 अगस्त। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार मातृशक्ति के लिए कल्याणकारी योजनाएं ला रहे हैं और इन योजनाओं के माध्यम से देश की महिलाओं के जीवन में बदलाव आया है तथा राज्य में राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) के जरिए महिलाओं का सामाजिक एवं आर्थिक विकास भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
श्री शर्मा रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर महिलाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां एपिसोड सुना और इस अवसर पर अपने उद्बोधन में यह बात कही। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जन-धन खाते, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना एवं पीएम स्वनिधि योजना जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश की महिलाओं के जीवन में बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए महिलाओं को सशक्त करना जरूरी है। यही कारण है कि हमारी सरकार ने पिछले तीनों बजट में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं के साथ रायशुमारी की और उनके सुझावों को बजट में शामिल भी किया। वहीं, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मेधावी छात्राओं को साइकिल एवं स्कूटी वितरित की जा रही हैं। वहीं, गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मा योजना के तहत निशुल्क जांच एवं सोनोग्राफी जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीविका के जरिए महिलाओं का सामाजिक एवं आर्थिक विकास भी सुनिश्चित किया जा रहा है, वहीं आशा सहयोगनियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी की गयी है। इसी प्रकार बैंक सखी और पशु सखी जैसी पहलों के जरिए महिलाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *