फेसबुक पर पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले तीन साइबर ठग गिरफ्तार
1.04 लाख नकद सहित लैपटॉप व 8 मोबाइल बरामद
टोंक, 21 जुलाई। जिले में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टोंक पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) एवं कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 1,04,150 रूपयें नकद, एक लैपटॉप, 8 मोबाइल फोन, 11 बैंक पासबुक, 7 एटीएम कार्ड, 10 सिम कार्ड तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव एवं वृताधिकारी मृत्युंजय मिश्रा के सुपरविजन तथा कोतवाली थाना प्रभारी भंवरलाल वैष्णव के नेतृत्व में कोतवाली थाना एवं डीएसटी टीम ने यह संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विभिन्न विज्ञापन एवं संदेश प्रसारित कर लोगों को कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देते थे। झांसे में आने वाले लोगों से रकम निवेश करवाने के बाद आरोपी उनसे संपर्क तोड़ देते थे। पुलिस को काफी समय से इस गिरोह की गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी, जिसके बाद तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश मीणा (21) निवासी रामनगर, थाना बनेठा, जिला टोंक, गौरीशंकर मीणा (24) निवासी कासपुरिया, थाना नैनवा, जिला बूंदी तथा किरोड़ीलाल मीणा (20) निवासी देवली, थाना अलीगढ़, जिला टोंक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,04,150 रूपयें नकद, एक लैपटॉप, 8 मोबाइल फोन, 11 बैंक पासबुक, 7 एटीएम कार्ड, 10 सिम कार्ड तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद बैंक दस्तावेजों एवं मोबाइल उपकरणों की जांच कर साइबर ठगी के नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले पैसा दोगुना करने, त्वरित मुनाफा दिलाने अथवा निवेश के झूठे प्रलोभनों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर ठगी की सूचना तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान से बचा जा सके। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना एवं डीएसटी टोंक के अधिकारियों और जवानों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

