दरभंगा हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ की तैनाती, बिहार में विमानन सुरक्षा होगी सुदृढ़
दरभंगा, 20 मई । दरभंगा हवाई अड्डे की सुरक्षा का दायित्व औपचारिक रूप से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को सौंपने के लिए बुधवार को हवाई अड्डा परिसर में एक समारोह आयोजित किया गया। यह उत्तर बिहार में विमानन सुरक्षा तथा महत्वपूर्ण अवसंरचना की सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस तैनाती के साथ ही दरभंगा देश का 72 वां हवाई अड्डा बन गया है, जिसे सीआईएसएफ की सुरक्षा प्राप्त हुई है। पटना और गया के बाद यह बिहार का तीसरा हवाई अड्डा है, जो अब सीआईएसएफ के सुरक्षा घेरे में आ गया है। इस समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दरभंगा के सांसद गोपाल ठाकुर, बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सीआईएसएफ के महानिदेशक प्रवीर रंजन, बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, सीआईएसएफ एयरपोर्ट सेक्टर की अपर महानिदेशक बिनिता ठाकुर, सीआईएसएफ एयरपोर्ट सेक्टर (पूर्व एवं उत्तर-पूर्व) की उप महानिरीक्षक श्रीमती किम, आईपीएस सहित जनप्रतिनिधि, राज्य प्रशासन, नागरिक उड्डयन क्षेत्र एवं सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। हवाई अड्डे पर विशेषज्ञ एवं प्रौद्योगिकी आधारित विमानन सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रथम चरण में कुल 145 सीआईएसएफ कर्मियों की तैनाती की गई है। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं होगा। मिथिला क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील है और सीआईएसएफ की तैनाती से हमारे नागरिकों को एक सशक्त सुरक्षा कवच प्राप्त होगा।

