रणथंभौर में मां-बेटी बाघिनों के बीच संघर्ष, क्षेत्र को लेकर आमने-सामने
सवाई माधोपुर,18 मार्च।राजस्थान के रणथंभौर टाइगर रिजर्व में एक दुर्लभ और रोमांचक घटना सामने आई, जहां मां-बेटी बाघिनों के बीच क्षेत्र को लेकर तीखी भिड़ंत हो गई। यह घटना 17 मार्च को जोन नंबर 3 स्थित राजबाग क्षेत्र में घटी, जिसका वीडियो वहां मौजूद एक पर्यटक ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रसिद्ध बाघिन रिद्धि (टी-124) और उसकी लगभग 3 वर्षीय बेटी आरबीटी-2504 (माही) के बीच अपने-अपने इलाके को लेकर आमना-सामना हुआ। दोनों बाघिनों के बीच करीब डेढ़ मिनट तक जोरदार टेरिटोरियल फाइट चली, जिसमें वे कई बार एक-दूसरे पर हमला करती और दहाड़ती नजर आईं। रिद्धि की उम्र लगभग 7 वर्ष बताई जा रही है, जबकि माही अभी युवा अवस्था में है और अपने लिए स्वतंत्र क्षेत्र स्थापित करने की कोशिश कर रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के संघर्ष जंगली जानवरों में सामान्य हैं, खासकर तब जब युवा संतति अपने लिए नया इलाका तलाशती है। अंततः इस संघर्ष में बेटी माही को पीछे हटना पड़ा और उसने मां के सामने समर्पण कर दिया। यह पूरा घटनाक्रम जंगल में रहने वाले बाघों के व्यवहार और उनके क्षेत्रीय स्वभाव को दर्शाता है।
यह घटना वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए बेहद रोचक रही, वहीं विशेषज्ञों के लिए अध्ययन का एक महत्वपूर्ण विषय भी बन गई है।

