बिज़नेस

Jio के नए प्लान: ₹399 में 28 दिन और ₹3,999 में सालभर अनलिमिटेड डेटा, रात के लिए ₹50 का पैक भी लॉन्च

नई दिल्ली, 24 नवंबर। रिलायंस जियो ने इंटरनेट यूजर्स को बड़ी राहत देते हुए 28 दिन और 365 दिन की वैधता वाले दो नए अनलिमिटेड डेटा प्लान लॉन्च किए हैं। कंपनी के नए ऑफर में ग्राहकों को बिना रोजाना डेटा लिमिट के 4G और 5G इंटरनेट इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और रोजाना 100 SMS भी मिलेंगे।

कंपनी ने 28 दिन की वैधता वाला नया प्लान 399 रुपए में पेश किया है। वहीं, 365 दिन यानी पूरे एक साल की वैधता वाले प्लान की कीमत 3,999 रुपए रखी गई है। जियो ने ये ऑफर अपनी 10वीं सालगिरह के जश्न के तहत पेश किए हैं।

पुराने प्लान भी रहेंगे जारी

जियो का पहले से उपलब्ध 349 रुपए वाला 28 दिन का प्लान और 3,599 रुपए वाला सालाना प्लान भी बंद नहीं होगा। कंपनी के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि पुराने प्लान पहले की तरह उपलब्ध रहेंगे। 349 रुपए के प्लान में रोजाना 2GB और 3,599 रुपए के प्लान में रोजाना 2.5GB डेटा मिलता है।

15 और 25 रुपए में मिलेगा अनलिमिटेड 5G डेटा

कंपनी ने अन्य प्लान इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए भी अनलिमिटेड 5G डेटा ऐड-ऑन पेश किए हैं। इसके तहत 15 रुपए के पैक की वैधता एक दिन और 25 रुपए के पैक की वैधता दो दिन होगी।

रात 12 से सुबह 5 बजे तक अनलिमिटेड डेटा

देर रात तक इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए जियो 50 रुपए का नाइट डेटा पैक भी लेकर आया है। इसकी वैधता 28 दिन होगी। इस पैक में हर रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा मिलेगा। खास बात यह है कि रात में इस्तेमाल किया गया डेटा मुख्य प्लान के डेटा बैलेंस से नहीं कटेगा।

24 नवंबर से नए प्लान उपलब्ध

कंपनी के मुताबिक, 399 रुपए और 3,999 रुपए के नए प्लान के साथ 25 रुपए वाला 5G ऐड-ऑन 24 नवंबर से उपलब्ध हो गया है। वहीं, 15 रुपए वाला ऐड-ऑन पहले से उपलब्ध है। 50 रुपए का नाइट डेटा पैक 26 नवंबर से ग्राहकों के लिए शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *