भारत

जयपुर से चंडीगढ़ तक श्रद्धा से मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, सेवा और समानता का दिया संदेश

जयपुर/चंडीगढ़, 24 नवंबर। सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जयपुर के राजापार्क स्थित गुरुद्वारे में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल हुए। वहीं, चंडीगढ़ के पीजीआई सेक्टर-12 स्थित गुरुद्वारा प्रत्यक्ष दर्शन पातशाही छठी में हजारों श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया।

जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को प्रेम, सेवा, समानता और मानवता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से मेहनत और जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाना ही गुरु साहिब की शिक्षाओं का मूल आधार है। राज्य सरकार भी इन्हीं आदर्शों से प्रेरित होकर जनसेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने सिख गुरुओं के त्याग और बलिदान को याद करते हुए गुरु तेग बहादुर जी और गुरु गोविंद सिंह जी के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करतारपुर कॉरिडोर खोलकर श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान किया। प्रदेश सरकार की ओर से जयपुर के गुरुद्वारा श्री तेग बहादुर साहिब और अनूपगढ़ के बुड्ढा जोहड़ गुरुद्वारे में सुविधाओं के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। सिख विद्यार्थियों के छात्रावास के लिए भूमि आवंटित की जा चुकी है।

उधर, चंडीगढ़ में प्रकाश पर्व के अवसर पर विशेष गुरमत समागम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत 22 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब से हुई, जिसका भोग मंगलवार को लगाया गया। सुबह से ही गुरुद्वारे में गुरुवाणी पाठ, प्रवचन और शब्द-कीर्तन का आयोजन हुआ। हजूरी रागी और ढाडी जत्थों ने गुरबाणी के माध्यम से संगत को निहाल किया। इसके बाद अटूट लंगर बरताया गया।

कथावाचक भाई नरिंदर सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी दुनिया को प्रेम, सेवा, समानता और नाम सिमरन का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं व्यक्ति को आत्मिक शांति और सही जीवन मार्ग प्रदान करती हैं। गुरुद्वारा साहिब के प्रधान सुखदेव सिंह मान ने बताया कि गुरुद्वारे की ओर से नोफल एक उम्मीद चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से पीजीआई आने वाले मरीजों के परिजनों को निशुल्क ठहरने, दवाइयों और लंगर की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रकाश पर्व पर दोनों शहरों में श्रद्धालुओं ने गुरु साहिब की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने और मानवता की सेवा करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *