भारत

छठ पर रेलवे चलाएगा 12 स्पेशल ट्रेनें, बिहार जाने वालों को मिलेगी राहत

नई दिल्ली-पटना वंदे भारत भी चलेगी, जयपुर से भागलपुर के बीच भी स्पेशल ट्रेन; बिहार के लिए 106 अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं का ऐलान

नई दिल्ली, 11 नवंबर। छठ महापर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत की घोषणा की है। त्योहार के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए 12 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें नई दिल्ली-पटना वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल, राजेंद्र नगर-नई दिल्ली एसी पूजा स्पेशल के साथ मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, अहमदाबाद और जयपुर से बिहार के विभिन्न शहरों के लिए ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा बिहार के लिए 106 विशेष ट्रेन सेवाओं की भी घोषणा की गई है।

रेलवे की इस व्यवस्था से छठ पर घर जाने और त्योहार के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

नई दिल्ली-पटना के बीच दो जोड़ी वंदे भारत स्पेशल

रेलवे नई दिल्ली और पटना के बीच दो वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें संचालित करेगा। गाड़ी संख्या 02258 नई दिल्ली से 11 नवंबर को सुबह 5 बजे रवाना होकर शाम 6:30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 02257 पटना से 12 नवंबर को सुबह 8 बजे रवाना होकर रात 9:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 02436 नई दिल्ली से 13 नवंबर को सुबह 8:35 बजे रवाना होकर रात 9:30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में 02435 पटना से 14 नवंबर को सुबह 8 बजे चलकर रात 9:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। दोनों जोड़ी ट्रेनों का ठहराव अलीगढ़, कानपुर, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा में होगा।

राजेंद्र नगर-नई दिल्ली के बीच एसी पूजा स्पेशल

राजेंद्र नगर और नई दिल्ली के बीच ट्रेन संख्या 02309/02310 त्रि-साप्ताहिक एसी पूजा स्पेशल पांच-पांच फेरे लगाएगी। 02309 राजेंद्र नगर से 11 से 20 नवंबर के बीच बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी। वहीं, वापसी में 02310 नई दिल्ली से 12 से 21 नवंबर के बीच गुरुवार, शनिवार और सोमवार को संचालित होगी।

राजेंद्र नगर से यह ट्रेन रात 8:10 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में नई दिल्ली से शाम 7 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 2 बजे राजेंद्र नगर पहुंचेगी। रास्ते में पटना, दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और गोविंदपुरी में ठहराव होगा।

मुंबई, पुणे और बेंगलुरु से भी बिहार के लिए ट्रेनें

मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दानापुर के लिए अनारक्षित विशेष ट्रेन संख्या 01035 11 नवंबर को रात 11:55 बजे रवाना होकर 13 नवंबर को सुबह 10:30 बजे पहुंचेगी। इसी स्टेशन से रक्सौल के लिए ट्रेन संख्या 01039 भी 11 नवंबर को सुबह 9 बजे रवाना होकर 13 नवंबर को रात 1 बजे पहुंचेगी।

पुणे-दानापुर के बीच ट्रेन संख्या 01471/01472 चलाई जाएगी। 01471 पुणे से 11 नवंबर को रात 8:20 बजे रवाना होकर 13 नवंबर को सुबह 5:50 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में 01472 दानापुर से 13 नवंबर को सुबह 10:30 बजे चलकर 14 नवंबर को शाम 7:15 बजे पुणे पहुंचेगी।

बेंगलुरु के एसएमवीबी टर्मिनल से दरभंगा के लिए ट्रेन संख्या 06595 एकतरफा विशेष ट्रेन 11 नवंबर को रात 11:55 बजे रवाना होकर 14 नवंबर को सुबह 10 बजे पहुंचेगी। इसका ठहराव पटना, दानापुर, बरौनी और समस्तीपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा।

जयपुर से भागलपुर के लिए भी चलेगी स्पेशल ट्रेन

राजस्थान के यात्रियों के लिए भी रेलवे ने विशेष सुविधा दी है। जयपुर-भागलपुर-जयपुर विशेष ट्रेन संख्या 09721/09722 संचालित होगी। ट्रेन संख्या 09721 जयपुर से 11 नवंबर को दोपहर 12:45 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3 बजे भागलपुर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 09722 भागलपुर से 18 नवंबर को रात 9:30 बजे रवाना होकर 20 नवंबर को सुबह 3:30 बजे जयपुर पहुंचेगी। इससे जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले बिहार के यात्रियों को त्योहार पर घर पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

अहमदाबाद, बीदर और दक्षिण भारत से भी विशेष इंतजाम

अहमदाबाद-राजगीर-अहमदाबाद अनारक्षित विशेष ट्रेन संख्या 09427/09428 का संचालन 10 और 11 नवंबर को किया जाएगा। अहमदाबाद से ट्रेन 09427 रात 12:55 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:45 बजे राजगीर पहुंचेगी। वापसी में 09428 राजगीर से दोपहर 2:45 बजे चलकर अगले दिन रात 11:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

बीदर-हजरत निजामुद्दीन-बीदर विशेष ट्रेन संख्या 07083/07084 क्रमशः 19 और 22 नवंबर को संचालित होगी। वहीं, चर्लापल्ली-बक्सर-चर्लापल्ली विशेष ट्रेन संख्या 07563/07564 क्रमशः 11 और 13 नवंबर को चलेगी।

इसके अलावा उधना से गया के लिए एकतरफा अनारक्षित विशेष ट्रेन संख्या 09019 चलाई गई है। यह ट्रेन 10 नवंबर को शाम 6 बजे रवाना होकर 11 नवंबर को शाम 6:30 बजे गया पहुंचेगी। इसका ठहराव सासाराम और डेहरी ऑन सोन सहित प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है।

रेलवे की अपील: यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ट्रेनों के समय, ठहराव और परिचालन से जुड़े बदलावों की जानकारी के लिए आधिकारिक रेलवे सूचना पर ही भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *