राजस्थान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के डिग्गी आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट

अग्रवाल सेवा सदन में संवाद और श्री कल्याण धणी मंदिर में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम
मालपुरा, 27 अक्टूबर।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बुधवार, 28 अक्टूबर को प्रस्तावित डिग्गी दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने डिग्गी में सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी, डीवाईएसपी आशीष प्रजापत और डिग्गी थाना प्रभारी गोपाल चौधरी ने डिग्गी पहुंचकर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद शर्मा की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अग्रवाल सेवा सदन में आयोजित होने वाले संवाद कार्यक्रम तथा प्रसिद्ध श्री कल्याण धणी मंदिर में श्रीजी की पूजा-अर्चना से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों का आकलन किया। मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
भाजपा सरकार बनने के बाद पहली बार डिग्गी आएंगे मुख्यमंत्री : प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने और भजनलाल शर्मा के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला डिग्गी दौरा होगा। ऐसे में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक एवं प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। डिग्गी स्थित प्रसिद्ध श्री कल्याण धणी मंदिर में श्रीजी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के साथ अग्रवाल सेवा सदन में संवाद कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे पर क्षेत्रवासियों की निगाहें टिकी हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन का जोर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *