राजस्थान

दो माह तक शिवभक्ति का महाकुंभ बनेगा शिवाड़, आज से श्रावण महोत्सव का शुभारंभ

शिवाड़, 28 जुलाई। श्री घुश्मेश्वर द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार से दो माह तक चलने वाले भव्य श्रावण महोत्सव का शुभारंभ होगा। महोत्सव को लेकर मंदिर ट्रस्ट एवं स्थानीय प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर, घुश्मेश्वर गार्डन, देवगिरि पर्वत तथा आसपास के पूरे क्षेत्र को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया है। पूरी नगरी शिवमय वातावरण में नजर आ रही है और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंदिर धाम पूरी तरह तैयार है।महोत्सव के प्रथम दिन गुरु पूर्णिमा पर भगवान घुश्मेश्वर महादेव का विशेष अभिषेक, पूजन-अर्चन, ध्वजारोहण एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। गुरुवार को कस्बे के कुशला कुआं से भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जो कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए घुश्मेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचेगी।

मंदिर पहुंचने पर मुख्य अतिथि वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वज का विधिवत पूजन कर मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराएंगे।मंदिर ट्रस्ट के अनुसार पूरे श्रावण मास में प्रतिदिन धार्मिक आयोजन होंगे। प्रत्येक सोमवार को भगवान घुश्मेश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार, रुद्राभिषेक, जलाभिषेक, महाआरती एवं भजन-कीर्तन होंगे। इसके साथ ही शिवभक्तों के लिए दर्शन, पेयजल, ठहरने, सफाई, चिकित्सा, सुरक्षा, पार्किंग एवं यातायात जैसी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।श्रावण महोत्सव के दौरान शिवाड़ में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले शिवभक्तों के कारण अगले दो माह तक पूरा शिवाड़ शिवभक्ति और आस्था के रंग में रंगा रहेगा। मंदिर ट्रस्ट एवं स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रहेगी, जिससे घुश्मेश्वर धाम एक बार फिर देशभर के शिवभक्तों का प्रमुख आस्था केंद्र बनेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *