राजस्थान

युवा ईमानदारी, मेहनत के साथ आगे बढ़ेंगे तो कामयाबी कदम चूमेगी : कर्नल राज्यवर्धन

जयपुर 17 जुलाई। कौशल रोजगार एवं उद्यमिता विभाग द्वारा विशाल रोजगार सहायता शिविर का आयोजन शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री उद्योग एवं वाणिज्य, युवा मामले एवं खेल विभाग, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग श्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार को प्रताप स्टेडियम चित्रकूट के परिसर में हुआ।

इस अवसर पर कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता मंत्री ने कहा कि राजस्थान में शिक्षा, पर्यटन, खनिज के साथ-साथ सौर ऊर्जा में अपार संभावनाएं हैं। युवा पूरी सच्चाई, ईमानदारी, मेहनत, लगन से कौशल के साथ आगे बढेंगे तो कामयाबी कदम चूमेगी। जो युवा आज कौशल के साथ रोजगार प्राप्त कर रहे हैं कल वे ही अन्य युवाओं को रोजगार देंगे। उन्होंने कहा कि युवा किसी प्रकार की चिंता न करे, राज्य सरकार पूर्ण ईमानदारी से उनको कुशल बनाने के साथ-साथ सरकारी एवं निजी स्तर पर रोजगार देकर खुशहाल बनाने के लिए निरंतर तत्परता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में यहाँ के युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से अपने कार्यकाल के प्रथम वर्ष से ही राइजिंग राजस्थान के माध्यम से निवेशकों को उद्योग लगाने के लिए आकर्षित करने का अनूठा कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में चौबीस से अधिक रोजगार शिविरों के माध्यम से हजारों युवाओं को रोजगार प्रदान कर चुकी है। हमारा प्रयास है कि कम्पनी एवं रोजगार आशार्थियों के मध्य आपसी समन्वय कायम हो और युवाओं को उनके जिले के आस-पास ही रोजगार मिले ताकि उन्हें अनावश्यक आर्थिक एवं मानसिक परेशानी ना हो।

विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संदीप वर्मा ने बताया कि मेगा रोजगार मेले में निजी नियोजकों के  अतिरिक्त विभिन्न सरकारी विभागों ने अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान कर आशार्थियों को लाभान्वित किया है।

आयुक्त कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग ऋषभ मंडल ने सभी का आभार व्यक्त किया।

संयुक्त निदेशक, संभागीय रोजगार कार्यालय, जयपुर नवरेखा ने बताया कि विशाल रोजगार मेले में निर्माण, लॉजिस्टिक, होटल, बैकिंग, मेडिकल, सूचना प्रोद्योगिकी, फार्मा, सिक्योरिटी, ई.कॉमर्स, कॉल सेन्टर, आदि क्षेत्रों से संबंधित 50 निजी नियोजकों ने भाग लिया। मेले में भाग लेने हेतु पोर्टल पर 4160 आशार्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण किया, जिसमें से 2770 आशार्थी उपस्थित हुए। विभिन्न नियोजकों द्वारा आशार्थियों के साक्षात्कार लेकर 1321 आशार्थियों का प्राथमिक चयन किया गया तथा 527 आशार्थियों ने विभिन्न कोर्स में प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु अपनी रूचि व्यक्त की। कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ द्वारा 18 आशार्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किये गये। मेले में चयनित आशार्थियों को 2 लाख से 5 लाख तक का पैकेज ऑफर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *