राजस्थान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए : उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी

जयपुर, 12 जून। भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम पर आधारित केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन सूचना केंद्र जयपुर में किया गया।

उपमुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने गत 12 वर्षों में विकास, सुशासन, सांस्कृतिक गौरव, आधारभूत संरचना, गरीब, युवा, अन्नदाता व नारी कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां अर्जित की हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है।

उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि गत 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन परिल़िक्षत हो रहा है। यह प्रदर्शनी केंद्र व राज्य सरकार की विकास यात्रा और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी।

इस अवसर पर हवामहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री बालमुकुंदाचार्य ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में इस प्रकार की प्रदर्शनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं सुशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों को आकर्षक एवं तथ्यपरक स्वरूप में प्रदर्शित किया गया है।

इस अवसर पर संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार एवं जिला कलक्टर सन्देश नायक ने सूचना केंद्र सभागार में उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं से संवाद किया तथा उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

संभागीय आयुक्त एवं जिला कलक्टर ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं एवं आमजन को सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। प्रदर्शनी में प्रदर्शित तथ्य, आंकड़े एवं दृश्य सामग्री आमजन को विकास यात्रा से रूबरू कराने में सहायक सिद्ध होंगे।

प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों, युवाओं को प्रशिक्षु आईएएस विभोर भारद्वाज ने यूपीएससी क्रेक करने के टिप्स साझा किए। आगंतुकों ने योजनाओं एवं विकास कार्यों को सरल, आकर्षक एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किए जाने की सराहना की।

सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय जयपुर के उपनिदेशक हेमन्त सिंह ने बताया कि सूचना केंद्र, जयपुर में आयोजित यह तीन दिवसीय प्रदर्शनी 14 जून तक प्रतिदिन प्रातः 9.30 बजे से सायं 6 बजे तक आमजन के अवलोकन हेतु खुली रहेगी। प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी उपलब्ध कराना है। मंच संचालन जनसंपर्क अधिकारी सपना शाह ने किया।

इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक मनमोहन हर्ष, रजनीश शर्मा, जसराम मीणा, आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *