शिक्षा जगत

नूतन विद्या मन्दिर में वार्षिकोत्सव में किया प्रतिभाओं का सम्मान, विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुति

जयपुर, 6 मार्च। नूतन विद्या मन्दिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव और प्रतिभा सम्मान समारोह राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारी योगेश चौधरी, कैलाश पोषवाल, प्रियंका गोयल और दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. अंजली योगी, चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार शर्मा, युवा सी.ए. ऋषभ गोयल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। योगेश चौधरी ने कहानी के माध्यम से बताया कि निरंतर प्रयास से ही लक्ष्य प्राप्ति सम्भव है। शिक्षा से ही समाज में सम्पन्नता एवं समानता का विकास होता है। कैलाश पोषवाल ने कहा कि देश, समाज, परिवार का सपना साकार हो सके इसके लिए संस्कारित रहकर सुनियोजित शिक्षा प्राप्त की जाए। हमारी संस्कृति और हमारी विरासत पर हमें गर्व होना चाहिए। प्रियंका गोयल ने कहा कि जीवन में सुविचारों का सर्वाधिक महत्वपूर्ण स्थान है, जो शिक्षा, ज्ञान एवं संस्कार से ही सम्भव है। प्रोफेसर डॉ. अंजली योगी ने कहा कि नूतन में महिला नेतृत्व की स्वीकार्यता से आधारभूत परिवर्तन हुआ है। अनुशासन तथा जीवन मूल्यों को स्थापित कर परिक्षेत्र में इस विद्यालय ने विशेष स्थान एवं पहचान बनायी है। सभी अतिथियों ने सम्भावित केरियर के क्षेत्र तथा विकल्प के साथ मोटिवेशनल उद्बोधन देकर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। इससे पूर्व अतिथियों द्वारा आदिशक्ति के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। विद्यालय निदेशक विश्वनाथ वर्मा, प्रधानाचार्य अनिता टेलर, एडमिनिस्ट्रेटर अविरल वर्मा, एकेडमिक डायरेक्टर ओमप्रकाश कपूरिया एवं एकेडमिक ऑफिसर अम्बिका वर्मा ने अतिथियों का साफा, दुपट्टा एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

ये हुए सम्मानित : प्रोफेसर डॉ. अंजली योगी ने अपनी नानी की पुण्य स्मृति में रीता मेमोरियल अवार्ड उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षा 2025 में विद्यालय के द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों विज्ञान संकाय में लक्षिता कपूरिया, कला संकाय में संजना यादव व सीमा मीणा और वाणिज्य संकाय में पुष्कर सोनी प्रत्येक को तीन हजार की नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया। जेईई मेन्स परीक्षा 2026 के प्रथम सत्र में प्रतीक यादव एवं आशीष कुमार कुम्हार का 12वीं कक्षा के साथ एनसीआई के फाउंडेशन कोर्स में अध्ययन करते हुए चयन होने पर सम्मान किया गया। इस अवसर पर एडमिनिस्ट्रेटर अविरल वर्मा ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आईपीएस संजय सैन द्वारा प्रतीक चिह्न, प्रशस्ति पत्र और टेबलेट प्रदान किया जाता है और विद्यालय प्रबन्धन द्वारा भारत के किसी भी स्थान पर हवाई यात्रा एवं पांच सितारा होटल में स्टे कराया जाता है। प्रधानाचार्य अनिता टेलर ने कहा कि मेहनत व कर्त्तव्य परायणता से एल्युमिनाइज ने क्षेत्र, परिवार एवं विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। ऐसे आयोजन में इन युवा अधिकारियों का अद्भुत संगम विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्पद है। हमें गर्व है कि विद्यालय की कीर्ति को ऊँचाइयां देने में सदैव एल्युमिनाइज का अपनत्व व्यापक एवं समवेत है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने राजस्थानी संस्कृति और देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।

मंच संचालन छात्रा लक्षिका बागोतिया, दीक्षा चौधरी, कृतिका चौधरी एवं रीतिका चौहान की टीम ने किया। अंत में प्रधानाचार्य अंग्रेजी माध्यम जितेन्द्रनाथ त्रिपाठी ने सभी का आभार जताया। इस अवसर पर अभिभावक, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *